भिवंडी में फॉरेन्सिक यूनिट और मोबाइल फॉरेन्सिक वैन का शुभारंभ
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Sep 27, 2025
- 68 views
गंभीर अपराधों की जांच में मिलेगी वैज्ञानिक मजबूती
भिवंडी। ठाणे पुलिस आयुक्तालय के परिमंडल-2, भिवंडी में शुक्रवार को फॉरेन्सिक यूनिट और मोबाइल फॉरेन्सिक वैन का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे और सह-पुलिस आयुक्त डॉ. ज्ञानेश्वर चव्हाण के मार्गदर्शन में हुआ,उद्घाटन ठाणे पश्चिम प्रादेशिक विभाग के अपर पुलिस आयुक्त विनायक देशमुख ने किया। राज्य सरकार ने नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कुल 259 मोबाइल फॉरेन्सिक वैन कार्यान्वित करने का निर्णय लिया है। गृह विभाग के शासन निर्णय (22 जुलाई 2024 और 22 मई 2025) के अंतर्गत इस योजना को मंजूरी मिली थी। इसी योजना का राज्यस्तरीय लोकार्पण मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 27 जनवरी 2025 को किया था। भिवंडी परिमंडल-2 में स्थापित नई फॉरेन्सिक यूनिट में प्रशिक्षित स्टाफ नियुक्त किया गया है। वहीं, मोबाइल फॉरेन्सिक वैन को गंभीर अपराधों में वैज्ञानिक पद्धति से सबूत जुटाने के लिए अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित किया गया है। सात वर्ष से अधिक की सजा वाले अपराधों की जांच में यह यूनिट और वैन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उद्घाटन समारोह में पुलिस उपायुक्त शशिकांत बोराटे, सहायक पुलिस आयुक्त सचिन सांगले व विजय मराठे, परिमंडल के छह पुलिस थानों के वरिष्ठ निरीक्षक, फॉरेन्सिक टीम के सदस्य तथा बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर