विद्यालय खेल प्रतियोगिता में 7700 खिलाड़ियों का होगा संगम


रोहतास। जिलास्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2025-26 के आयोजन की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी उदिता सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी। बैठक में प्रतियोगिता से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गयी। विनय प्रताप, वरीय उपसमाहर्ता-सह-उपाधीक्षक, शारीरिक शिक्षा, रोहतास ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन आगामी 06 से 10 अक्टूबर 2025 तक न्यू स्टेडियम, फजलगंज, सासाराम में किया जायेगा, जिसमें कुल 18 खेल विधाओं की प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी, जिन्हें तीन आयु वर्गों में विभाजित किया गया है। अब तक जिले के 473 विद्यालयों से लगभग 7700 खिलाड़ियों का पंजीकरण किया जा चुका है। बैठक में उप विकास आयुक्त विजय कुमार पाण्डेय, वरीय उप समाहर्ता नेहा कुमारी, विशेष कार्य पदाधिकारी अमृता ओशो, सिविल सर्जन, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी आशीष रंजन, नगर आयुक्त सासाराम, जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय, प्रभारी पदाधिकारी मनरेगा, कार्यपालक अभियंता पीएचइडी एवं कार्यपालक अभियंता आरसीडी कोचस उपस्थित रहे। नेहा कुमारी, वरीय उप समाहर्ता-सह-नोडल पदाधिकारी, स्वीप कोषांग को निदेश दिया गया की वरीय उपसमाहर्ता-सह-उपाधीक्षक, शारीरिक शिक्षा, रोहतास विनय प्रताप से समन्वय स्थापित कर मतदाता जागरूकता से संबंधित प्रचार-प्रसार किया जाय। बैठक में प्रभात कुमार पाठक, नरेंद्र प्रसाद सिन्हा, जयशंकर कुमार, प्रेम प्रकाश कुमार, विकास तिवारी सहित कई विद्यालयों के प्रधानाध्यापक भी मौजूद रहे।

बैठक में प्रतियोगिता की सफल व्यवस्था हेतु विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियाँ सौंपी गयीं। मैदान की साफ-सफाई का कार्य नगर निगम सासाराम को सौंपा गया। प्रतियोगिता के दौरान दो एम्बुलेंस की व्यवस्था सिविल सर्जन द्वारा की जायेगी। जबकि पानी,एटीएम और चलंत शौचालय की व्यवस्था पीएचइडी विभाग को सौंपी गयी है। मिट्टी भराई का कार्य मनरेगा तथा आरसीडी कोचस द्वारा किया जायेगा।

विधि-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सासाराम को दी गयी है।

जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया है कि सभी विभाग अपने-अपने कार्य समय पर पूरा करें ताकि प्रतियोगिता का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो और जिले की खेल प्रतिभाओं को मंच मिल सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट