शासकीय स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय में युवा संवाद राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) टेटवाल ने Gen-Z के सवालों के दिए बेबाक जवाब, रोजगार से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक हुई चर्चा

युवाओं की आकांक्षाओं, सपनों और भविष्य की संभावनाओं को समझने तथा उन्हें रोजगार एवं कौशल विकास के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से आज सारंगपुर के शासकीय स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय में युवा संवाद कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग श्री गौतम टेटवाल ने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान युवाओं ने रोजगार, बेरोजगारी, कौशल विकास, स्वरोजगार, आईटीआई प्रशिक्षण, महिला सशक्तीकरण, विदेशों में रोजगार के अवसर और राजनीति में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सवाल पूछे। राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने प्रत्येक प्रश्न का सरल, सहज और विस्तारपूर्वक उत्तर देकर युवाओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

युवा संवाद के दौरान राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। बेरोजगारी की समस्या से जुड़े सवाल पर राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने कहा कि इसका स्थायी समाधान युवाओं को उनकी रुचि और बाजार की आवश्यकता के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देना है। उद्योगों की मांग के अनुसार प्रशिक्षण, अप्रेंटिसशिप और प्लेसमेंट के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आईटीआई और कौशल प्रशिक्षण केंद्र युवाओं को तकनीकी एवं व्यावसायिक रूप से दक्ष बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के रोजगार संबंधी प्रश्न पर उन्होंने कहा कि कृषि आधारित उद्योग, पशुपालन, डेयरी, खाद्य प्रसंस्करण और छोटे उद्योगों के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। वहीं, स्वरोजगार के सवाल पर प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के माध्यम से पात्र युवाओं को व्यवसाय शुरू करने के अवसरों की जानकारी दी। महिला सशक्तीकरण पर उन्होंने कहा कि महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमिता से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

आज के बदलते दौर में युवाओं को किन कौशलों पर ध्यान देना चाहिए, इस सवाल पर राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने कंप्यूटर, डिजिटल स्किल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), तकनीकी ज्ञान और कम्युनिकेशन स्किल को महत्वपूर्ण बताया। राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने कहा कि आज के युवाओं को केवल डिग्री तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समय के साथ अपने हुनर और कार्यक्षमता को लगातार विकसित करना चाहिए। विदेशों में रोजगार के अवसरों के लिए भाषा ज्ञान, तकनीकी दक्षता और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण को भी आवश्यक बताया। राजनीति और सामाजिक सेवा में युवाओं की भागीदारी पर राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। राजनीति और सामाजिक सेवा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम हैं। युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और जनसेवा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

मध्यप्रदेश को रोजगार के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लक्ष्य पर राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने कहा कि प्रदेश में निवेश, उद्योगों की स्थापना, स्थानीय स्तर पर रोजगार और युवाओं के प्रशिक्षण के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा रहा है। कार्यक्रम के समापन पर राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने सपनों को बड़ा रखें, मेहनत पर विश्वास करें और असफलताओं से कभी निराश न हों। उन्होंने कहा कि युवा केवल प्रदेश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत हैं। हमारा संकल्प है कि मध्यप्रदेश का हर युवा हुनरमंद बने, आत्मनिर्भर बने और अपने सपनों को साकार करे। आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में मध्यप्रदेश का युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। युवा संवाद कार्यक्रम ने छात्र-छात्राओं को अपने भविष्य, करियर, रोजगार और स्वरोजगार के प्रति नई दिशा एवं सकारात्मक दृष्टिकोण देने का कार्य किया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य श्रीमति संगीता गुप्ता, शिक्षक शिक्षकाये सहित बड़ी संख्या में छात्र छात्राये शामिल हुए।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट