आरएसएस के शताब्दी वर्ष पर भिवंडी में भव्य रैली, जगह-जगह बरसे फूल

भिवंडी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भिवंडी में विजयादशमी के शुभ दिन एक भव्य रैली का आयोजन किया गया। अशोक नगर चौक से प्रारंभ होकर यह रैली कोमडपाड़ा स्थित राजू गाजेंगी हाल तक निकाली गई। इस दौरान पूरे शहर में उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।रैली में संघ के हज़ारों स्वयंसेवक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता परंपरागत गणवेश में शामिल हुए। अनुशासित पंक्तियों में चलते स्वयंसेवकों ने शहरवासियों का ध्यान आकर्षित किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और “भारत माता की जय” व “वंदे मातरम्” जैसे नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।विशेष रूप से इस रैली में भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। जगह-जगह नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा रैली पर फूलों की वर्षा की गई। कई स्थानों पर स्वागत द्वार बनाकर प्रतिभागियों का अभिनंदन किया गया। संघ के पदाधिकारियों ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि आरएसएस ने पिछले एक सदी में राष्ट्रनिर्माण और समाजसेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विजयादशमी के दिन संघ द्वारा शक्ति, संगठन और अनुशासन का संदेश देने की परंपरा रही है। रैली के समापन पर राजू गाजेंगी हाल में एक सभा का आयोजन किया गया, जहां वक्ताओं ने संघ की विचारधारा, कार्यों और समाज के प्रति उसकी प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी इस सभा में उपस्थिति दर्ज की। भिवंडी की सड़कों पर निकली यह रैली न केवल अनुशासन और संगठन का प्रतीक बनी, बल्कि शहर में उत्साह, ऊर्जा और एकता का संदेश भी छोड़ गई। इस अवसर पर भिवंडी पुलिस का भारी बंदोबस्त तैनात था।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट