टैंकर से टकराई बाइक, बाप-बेटा गंभीर

भिवंडी। शहर में बदहाल सड़कों का खामियाज़ा एक बार फिर मासूम और उसके पिता को भुगतना पड़ा। एसटी स्टैंड से गायत्रीनगर तक जाने वाले रोड पर देर शाम हुए हादसे में बाइक सवार बाप-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के मुताबिक फैज़ अशफाक अंसारी (40) अपने चार वर्षीय बेटे फ़राज़ को साथ लेकर मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे। रास्ते में सड़क पर बने गहरे गड्ढों ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दीं। बाइक का संतुलन बिगड़ते ही पास से गुजर रहे पानी के टैंकर से जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि दोनों सड़क पर बुरी तरह गिर पड़े। हादसे में छोटे फ़राज़ के सिर में गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। फैज़ अंसारी भी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका उपचार जारी है,स्थानीय नागरिकों ने कहा कि इस मार्ग पर लंबे समय से गड्ढों की समस्या बनी हुई है, लेकिन मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द सड़क को दुरुस्त कर दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जाए, ताकि किसी और परिवार को इस दर्दनाक स्थिति का सामना न करना पड़े।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट