अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष धर्मपाल मेश्राम ने भिवंडी पालिका की समीक्षा बैठक में दिए आवश्यक निर्देश
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 28, 2025
- 308 views
भिवंडी। महाराष्ट्र राज्य अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष तथा सचिव दर्जाधारी सदस्य अधिवक्ता धर्मपाल मेश्राम ने मंगलवार को भिवंडी निजामपुर शहर महानगर पालिका का नियोजित दौरा किया। इस दौरान आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली और योजनाओं की स्थिति का विस्तृत आकलन किया। बैठक में पालिका के कुल अर्थसंकल्प की जानकारी ली गई तथा बाध्यकारी खर्च निकालने के बाद शेष बचे राजस्व में से 5 प्रतिशत निधि दुर्बल वर्ग के लिए किस प्रकार नियोजित की गई है, इसका आंकड़ा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
नगर में स्थित 137 निजी अस्पतालों के लाइसेंस का नवीनीकरण किया जा चुका है। इस संदर्भ में आयोग उपाध्यक्ष ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी संदीप गाडेकर को निर्देशित किया कि इन अस्पतालों में अनुसूचित जाति व आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए सुरक्षित बिस्तरों की उपलब्धता संबंधी विस्तृत रिपोर्ट एक माह के भीतर आयोग के समक्ष प्रस्तुत की जाए,महिला और बाल कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांग व दुर्बल घटकों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की गई। वहीं पालिका कर्मचारियों विशेषकर सफाई कर्मियों की सेवा पुस्तिकाएं 15 दिनों के अंदर अद्यतन कर आयोग को उपलब्ध कराने के आदेश आस्थापना विभाग प्रमुख को दिए गए। समापन वक्तव्य में मेश्राम ने कहा कि भिवंडी शहर के दुर्बल व अनुसूचित जाति समुदायों तक सरकारी लाभ पहुंचाना तथा उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना ही इस समीक्षा का मुख्य उद्देश्य है।सभा के अंत में भिवंडी पालिका आयुक्त एवं प्रशासक अनमोल सागर (भा.प्र.से.) ने उपाध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। बैठक में सभी संबंधित विभाग प्रमुख और अधिकारी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर