भिवंडी में चोरी की बढ़ती वारदातें, पांच चोरी के मामले दर्ज — ऑटो रिक्शा भी गायब
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 29, 2025
- 297 views
भिवंडी। शहर में चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। भिवंडी के विभिन्न पुलिस थानों में पांच अलग-अलग स्थानों पर चोरी के मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री, चांदी के सिक्के, तांबे का तार, नकदी और एक ऑटो रिक्शा चोरी होने की शिकायतें शामिल हैं। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है। पहली घटना निजामपुरा पुलिस स्टेशन क्षेत्र की है। खाड़ीपार स्थित मुकेश कंपाउंड में अज्ञात चोर ने घर में घुसकर 1 लाख 63 हजार रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। दूसरी घटना तलवली नाका-कांबा रोड पर स्थित एक सोडा कंपनी में घटी, जहां से चोरों ने 23 हजार रुपये कीमत के चांदी के सिक्के, तांबे का तार और नकदी पर हाथ साफ किया। तीसरे मामले में नझराना कंपाउंड में खड़ी ऑटो रिक्शा MH-04 JH-4392 को दिनदहाड़े चोरी कर लिया गया। बताया गया कि वाहन मालिक सब्जी खरीदने सब्जी मार्केट गए थे। उनके लौटने से पहले ही चोर ऑटो लेकर फरार हो गए। निजामपुरा पुलिस इस मामले में वाहन की तलाश कर रही है। चौथी घटना नारपोली पुलिस थाने की सीमा के दापोडा गांव में सामने आई। बाला जी सोल्यूशन लिमिटेड कंपनी के वेयर हाउस का ताला तोड़कर चोरों ने 69 हजार 502 रुपये मूल्य की इलेक्ट्रॉनिक सामग्री चुरा ली। इसी तरह पांचवें मामले में नारपोली क्षेत्र निवासी रोशन श्यामचंद्र झा अपने परिवार के साथ कामतघर के वाराला तालाब पर छठ पूजा के लिए जा रहे थे। भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके जेब से करीब 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन चोरी कर लिया। लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों को देखते हुए पुलिस ने पेट्रोलिंग बढ़ा दी है और नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, सभी मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है।


रिपोर्टर