महिला वार्ड से बाहर जाने को कहा तो परिजनों ने डॉक्टर पर किया जानलेवा हमला

खुजनेर अस्पताल में डॉक्टर गंभीर रूप से घायल

खुजनेर ,राजगढ़ । मुख्‍य चिकित्‍सा एवं जिला स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारी डॉ. शोभा पटेल ने गत दिवस खुजनेर में हुए घटना की वस्‍तुस्थिति के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि राजगढ़ जिले के खुजनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को ड्यूटी पर तैनात डॉ. विशाल सिंह सिसोदिया पर मरीजों के परिजनों ने जानलेवा हमला कर दिया। डॉक्टर को सिर में गंभीर चोट आई और उन्हें बेहतर इलाज के लिए राजगढ़ रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार अस्पताल में भर्ती एक महिला मरीज के परिजन वार्ड के अंदर मौजूद थे। डॉ. विशाल सिंह सिसोदिया ने उन्हें महिला वार्ड से बाहर प्रतीक्षा कक्ष में बैठने के लिए कहा। बार-बार कहने पर भी जब परिजन बाहर नहीं गए, तो डॉक्टर ने उन्हें वार्ड से बाहर निकलने को कहा। इसी बात पर परिजन भड़क गए और डॉ. सिसोदिया से अभद्रता करने लगे। विवाद बढ़ने पर परिजनों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने डॉक्टर पर स्टील के गिलास से हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में डॉ. सिसोदिया के सिर पर गंभीर चोट आई और वे घायल हो गए। अस्पताल में विवाद की स्थिति देखकर अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह डॉक्टर को हमलावरों से बचाकर सुरक्षित किया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे सीबीएमओ डॉ. एस.के. मित्तल ने स्थानीय पुलिस को अस्पताल के कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए उचित कार्यवाही करने की मांग की है ।

3 आरोपियों पर एफआईआर दर्ज

घटना के तुरंत बाद घायल डॉ. विशाल सिंह सिसोदिया ने पुलिस थाने पहुंचकर आरोपी सतीश, सचिन और दिनेश मेघवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। शिकायत में आरोपियों पर जान से मारने की कोशिश करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया गया है।

 डॉक्टरों में रोष, जल्द गिरफ्तारी की मांग

इस घटना से खुजनेर सहित जिले भर के डॉक्टरों में भारी रोष व्याप्त है। वहीं मुख्‍य चिकित्‍सा एवं जिला स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारी डॉ. शोभा पटेल ने भी प्रशासन स्तर पर आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्यवाही की बात कही है। डॉक्टर एसोसिएशन ने भी इस प्रकार के हमले की कड़ी निंदा की है और प्रशासन से मांग की है कि शासकीय कार्य के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। एसोसिएशन ने पुलिस से अपील की है कि नामजद आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट