भिवंडी में गुटखा तस्करी का भंडाफोड़ 55 लाख का माल और ट्रक जब्त

भिवंडी। भिवंडी शहर में अवैध गुटखा कारोबार पर निजामपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 36 लाख रुपये से अधिक मूल्य का प्रतिबंधित तंबाखूजन्य पदार्थ जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है, जबकि आयशर ट्रक सहित कुल 45 लाख रुपये से अधिक का माल जब्त किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर की सुबह करीब पौने सात बजे निजामपुर पुलिस ने भिवंडी प्रांत अधिकारी कार्यालय के सामने छापा मारकर यह कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से आयशर ट्रक क्रमांक MH-03-DV-7649 जब्त किया, जिसमें भारी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा भरा हुआ था। ट्रक चालक मोहम्मद युसुफ शरीफ शेख, निवासी गुलशन इवॉल्व, मुंब्रा-कौसा (ठाणे) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी राज्य सरकार द्वारा प्रतिबंधित गुटखा और अन्य तंबाखूजन्य पदार्थों की गैरकानूनी सप्लाई कर रहा था। यह माल राज्य की सीमाओं के भीतर बेचने के उद्देश्य से लाया जा रहा था। आरोपी ने नियमों की अवहेलना करते हुए प्रतिबंधित उत्पादों का परिवहन किया, जो कानून का उल्लंघन है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जब्त किए गए गुटखे की अनुमानित कीमत 36 लाख 30 हजार 600 रुपये है, जबकि ट्रक की कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई गई है।मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक डी. ए. बडगीरे कर रहे हैं। निजामपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के गुटखा माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।भिवंडी, जो मजदूरों का शहर माना जाता है, पिछले कुछ वर्षों में गुटखा सप्लाई का हब बन चुका है। यहां के कई गोदामों से अवैध रूप से अन्य शहरों में गुटखा की सप्लाई की जाती रही है। पुलिस की इस ताजा कार्रवाई को गुटखा तस्करी पर बड़ी चोट माना जा रहा है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट