भिवंडी में ‘लैंडमार्क केयर्स’ मोबाइल मेडिकल यूनिट सेवा का शुभारंभ
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 12, 2025
- 149 views
भिवंडी। भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका के वैद्यकीय आरोग्य विभाग और “लैंडमार्क केयर्स” के संयुक्त उपक्रमांतर्गत नागरिकों को मुफ्त व गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को “लैंडमार्क केयर्स मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU)” सेवा का शुभारंभ किया गया। यह सेवा लाइफस्टाइल ग्रुप के सहयोग से शुरू की गई है, जबकि पिरामल स्वास्थ इस परियोजना की कार्यान्वयन भागीदार संस्था है। उद्घाटन समारोह भिवंडी महानगरपालिका मैदान में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रशासक तथा आयुक्त अनमोल सागर, अतिरिक्त आयुक्त विठ्ठल डाके, वैद्यकीय आरोग्य अधिकारी डॉ. संदीप गाडेकर, लैंडमार्क ग्रुप की ओर से वैभव सावंत और संदीप कुरणे, वहीं पिरामल स्वास्थ संस्था की ओर से प्रमोद खरात, नीरजा वंकार, गणेश घुले और शैलेश अनाभावे उपस्थित थे। महानगरपालिका प्रशासक एवं आयुक्त अनमोल सागर ने बताया कि इस पहल के तहत भिवंडी क्षेत्र में कुल 22 स्थानों पर मोबाइल मेडिकल यूनिट्स नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगी। प्रत्येक यूनिट में एक डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट, स्वास्थ्य शिक्षक (हेल्थ एज्युकेटर) और पायलट नियुक्त रहेंगे, जो नागरिकों को संपूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। इन मोबाइल यूनिट्स के माध्यम से नागरिकों को असंक्रामक रोगों की जांच, आवश्यक दवाएं, परीक्षण, स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता तथा जरूरत पड़ने पर उच्चस्तरीय अस्पतालों के लिए रेफरल सुविधा प्रदान की जाएगी।इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को प्रोत्साहित करना है। भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका की ओर से इस पहल का स्वागत किया गया है और नागरिकों से अपील की गई है कि वे “लैंडमार्क केयर्स” मोबाइल मेडिकल यूनिट सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।


रिपोर्टर