भिवंडी में फूड वेंडरों को दी गई स्वच्छता और सुरक्षा की सीख

सड़क पर खाद्य पदार्थ बेचने वालों को व्यक्तिगत व सार्वजनिक स्वास्थ्य की विशेष देखभाल करनी चाहिए - अतिरिक्त आयुक्त विठ्ठल डाके


भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका के दिनदयाल जन आजीविका शहरी योजना अंतर्गत प्रधानमंत्री पथ विक्रेता आत्मनिर्भर निधि योजना के तहत आयोजित लोक कल्याण मेले में सड़क किनारे भोजन बेचने वाले विक्रेताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त विठ्ठल डाके ने कहा कि सड़क पर खाद्य पदार्थ बेचने वालों को व्यक्तिगत व सार्वजनिक स्वास्थ्य की विशेष देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में अनेक लोग सड़कों और छोटे-छोटे स्टॉल पर खाद्य वस्तुओं की बिक्री कर जीविकोपार्जन कर रहे हैं, लेकिन इस दौरान स्वच्छता, सुरक्षित पानी, स्वच्छ बर्तन और गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग बेहद आवश्यक है। अगर विक्रेता इन बातों का पालन करेंगे तो वे न केवल अपना व्यवसाय बढ़ा सकेंगे बल्कि लोगों के स्वास्थ्य की भी रक्षा कर सकेंगे।

महानगरपालिका के विलासराव देशमुख सभागृह में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यालय उपआयुक्त विक्रम दराडे, कर विभाग के उपायुक्त बालकृष्ण शिरसागर, समाज कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त शैलेश दोंदे, विभाग प्रमुख मिलिंद पलसुले और नासवी संस्था के राज्य समन्वयक गुरुनाथ सावंत प्रमुख रूप से उपस्थित थे।प्रशिक्षण सत्र के दौरान गुरुनाथ सावंत ने फूड वेंडरों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क किनारे खाद्य पदार्थों की बिक्री के लिए उचित लाइसेंस लेना जरूरी है। भोजन तैयार करने और बेचने के दौरान गैस सिलेंडर, शेगड़ी, सब्जी काटने के औजार, इस्तेमाल किए जाने वाले आटे और मसालों की गुणवत्ता की भी देखभाल आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अगर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बेहतर होगी तो ग्राहकों का विश्वास बढ़ेगा और व्यवसाय में भी उन्नति होगी।उन्होंने आगे कहा कि विक्रेताओं को अपने कार्यस्थल की नियमित सफाई करनी चाहिए ताकि वहां कीट, चूहे, मच्छर या अन्य जीव-जंतु से खाद्य सामग्री दूषित न हो। इसी प्रशिक्षण सत्र में भाग लेने वाले 177 व्यावसायिकों को अतिरिक्त आयुक्त विठ्ठल डाके के हस्ते प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।कार्यक्रम की सफलता में नासवी संस्था की प्रबंधक एस्तेर रायबोर्ड और समुदाय संयोजक धनश्री मेस्त्री तथा अमोल केदार ने विशेष प्रयास किए।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट