सोसाइटी परिसर में तीन कुत्तों की मौंत से हड़कप
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 21, 2025
- 119 views
सोसायटी के दो चेयरमैन पर जहर देने का मामला दर्ज
भिवंडी। भिवंडी के शांतिनगर क्षेत्र में तीन आवारा कुत्तों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और एक के गंभीर हालत में मिलने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर सोसायटी के दो चेयरमैन के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक घटना 20 नवंबर की रात आॅनरेट राइस कॉलीस्टो सोसायटी, साईबाबा मंदिर के पास हुई। शिकायतकर्ता और सामाजिक कार्यकर्ता अनुपमा जयंतिलाल जैन (30) ने शांतिनगर पुलिस को बताया कि सोसायटी परिसर में रहने वाले तीन आवारा कुत्ते—ब्राऊनी, सिंगार और चिकू—मृत पाए गए, जबकि एक अन्य कुत्ता जुजु गंभीर अवस्था में मिला। अनुपमा जैन ने अपनी शिकायत में सोसायटी के दो चेयरमैन—सवित्राबेन अनुगाडुल और रमेश पर आरोप लगाया है कि दोनों कुत्तों को लेकर अकसर आपत्ति जताते थे और उन्हें किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कराकर नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। शांतिनगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(C) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस उपनिरीक्षक गोरे इस मामले की जांच कर रहे हैं। मृत कुत्तों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जबकि घायल कुत्ते का इलाज जारी है। पुलिस का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर