शादी का झांसा देकर बांग्लादेशी महिलाओं ने व्यापारी से ठगे 1.08 लाख रुपये, तीन पर केस दर्ज

भिवंडी। शांतिनगर पुलिस थाना क्षेत्र में शादी का प्रलोभन देकर एक व्यापारी से 1.08 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो बांग्लादेशी महिलाओं और एक पुरुष के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस इसे संगठित अंतरराज्यीय ठगी का मामला मानकर जांच कर रही है।

शिकायतकर्ता, जो टेमघर गांव, भिवंडी के निवासी हैं, ने बताया कि उनके मोबाइल पर एक महिला का फोन आया था। महिला ने स्वयं को अविवाहित बताकर शादी की इच्छा जताई और विश्वास जीतकर बातचीत बढ़ाई। कुछ दिनों बाद उसने और उसके साथियों ने पीड़ित को यह कहकर रुपये भेजने के लिए राजी कर लिया कि शादी की प्रक्रिया और आवश्यक कागजात तैयार कराने में खर्च आएगा। पीड़ित ने भरोसा कर कई ऑनलाइन ट्रांजैक्शनों के माध्यम से कुल 1,08,700 रुपये भेज दिए। इसके बाद जब आरोपी संपर्क से गायब हो गए, तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शांतिनगर पुलिस ने गु.रजि. क्र. 1276/2025 के तहत बीएनएस अधिनियम की धारा 318(4) और 3(5) में रिया सरकार (36), अरबिना दिद्दी (48) निवासी ढोलपुर, जिला बालुघाट (पश्चिम बंगाल) और रुस्तम कमलेश मंडल निवासी भिवंडी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों महिलाएं कथित तौर पर बांग्लादेश मूल की हैं। यह घटना 27 सितंबर 2025 की दोपहर में हुई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने शादी का लालच देकर सुनियोजित तरीके से व्यापारी को अपने जाल में फंसाया और रकम हड़प ली। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक उत्तम ओमासे कर रहे हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट