दहेज हत्या मामले में तीन वांछित आरोपी गिरफ्तार
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Dec 04, 2025
- 132 views
बरसठी (जौनपुर)। जिले में अपराध नियंत्रण और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान बरसठी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दहेज हत्या के एक मामले में फरार चल रहे तीन वांछित अभियुक्तों को पुलिस ने मंगलवार को ग्राम बारीगांव जुब्बापुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस लंबे समय से इन आरोपियों की तलाश में थी।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूँ के पर्यवेक्षण में चल रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक देवानन्द रजक पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और वांछित अपराधियों की तलाश में निकले थे। उसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमा संख्या 251/2025 धारा 85, 80(2) बीएनएस और 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत दर्ज मामले से संबंधित आरोपी अपने घर मौजूद हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राहुल मिश्रा (32 वर्ष) पुत्र स्व. कृष्ण मुरारी मिश्रा, सुधा मिश्रा (50 वर्ष) पत्नी स्व. कृष्ण मुरारी मिश्रा, निवासी ग्राम बारीगांव जुब्बापुर थाना बरसठी और छाया ओझा (24 वर्ष) पत्नी विवेक ओझा, मूल निवासी ग्राम लेदुआ थाना सिकरारा, वर्तमान निवासी बारीगांव जुब्बापुर थाना बरसठी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के विरुद्ध दहेज हत्या से संबंधित गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज है और वे काफी समय से फरार चल रहे थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीनों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया जारी है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक देवानन्द रजक के अलावा कांस्टेबल रिजवान अली तथा महिला कांस्टेबल अंकिता शामिल रहीं। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि जनपद में अपराधियों पर नकेल कसने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


रिपोर्टर