गोलीकांड मामले में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, मुख्य आरोपी तीन कारतूस के साथ गिरफ्तार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Dec 04, 2025
- 54 views
3 दिसंबर को बरहुली में गोपाल कुमार सिंह पर हुई थी फायरिंग, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर-- मोहनियां थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहुली बड़ी पुसौली में बीते 3 दिसंबर को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से तीन जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, 3 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 8:30 बजे भोपतपुर निवासी गोपाल कुमार सिंह (पिता शशिनाथ सिंह) को जान से मारने की नीयत से गोली मारकर जख्मी कर दिया गया था। इस संबंध में जख्मी गोपाल कुमार सिंह के फर्दबयान पर मोहनिया थाने में चार नामजद अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए कैमूर एसपी के निर्देश पर मोहनिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मानवीय आसूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल मुख्य आरोपी अमित यादव (पिता जय प्रकाश यादव, साकिन- बरहुली, थाना मोहनिया) को धर दबोचा।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से 3 कारतूस बरामद किए हैं, जिसके संदर्भ में अलग से प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, पकड़े गए आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। इस सफल उद्भेदन में अंचल निरीक्षक सुनील कुमार निर्झर, थानाध्यक्ष आलोक कुमार और डीआईयू (DIU) प्रभारी व उनकी टीम शामिल रही।


रिपोर्टर