विज्ञान मेले में छात्रों ने दिखाई वैज्ञानिक प्रतिभा, रोबोटिक्स और एआई के मॉडलों ने मोहा मन
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Dec 04, 2025
- 45 views
राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में आयोजन, 50 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, कल लिच्छवी भवन में सजेगी सुरों और कला की महफिल
भभुआं (कैमूर)-- जिला स्तरीय युवा उत्सव 2025 के तहत इनोवेशन ट्रैक के अंतर्गत गुरुवार को राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, जैतपुर में विज्ञान मेले का भव्य आयोजन किया गया। इस मेले में जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विज्ञान, तकनीक व नवाचार का अद्भुत प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्रधानाचार्य सुधीर वाई कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सुमन सौरभ, महाप्रबंधक (जिला उद्योग केंद्र) हेमलता कुमारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी घनानंद और विज्ञान मेला संयोजक संदीप कुमार ने संयुक्त रूप से किया। छात्रों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य सुधीर वाई कुमार ने कहा कि विज्ञान और नवाचार वैश्विक विकास की आधारशिला हैं। ऐसे आयोजनों से छात्रों में शोध की प्रवृत्ति और नई सोच विकसित होती है। वहीं, महाप्रबंधक हेमलता कुमारी ने छात्रों द्वारा बनाए गए मॉडलों की सराहना करते हुए इसे वर्तमान चुनौतियों का व्यावहारिक समाधान बताया। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सुमन सौरभ ने बताया कि मेले में भौतिकी, रोबोटिक्स, एआई (AI), पर्यावरण विज्ञान और संरचनात्मक डिजाइन जैसे विषयों पर 50 से अधिक प्रतिभागियों ने अपने मॉडल प्रस्तुत किए। उन्होंने कैमूर के युवाओं की नवोन्मेषण क्षमता को सराहा। संयोजक संदीप कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता के परिणाम शुक्रवार, 5 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। युवा उत्सव के मुख्य कार्यक्रम 5 दिसंबर को लिच्छवी भवन, भभुआ में आयोजित होंगे। इसमें समूह लोकगीत, लोकनृत्य, भाषण, कहानी व कविता लेखन और चित्रकला प्रतियोगिताएं होंगी। जिले भर से 300 से अधिक कलाकार इसमें शामिल होंगे। सभी विधाओं में प्रथम स्थान पाने वाले विजेता मधुबनी में होने वाले 'राज्य स्तरीय युवा उत्सव 2025' में कैमूर का प्रतिनिधित्व करेंगे।


रिपोर्टर