जमीन विवाद को लेकर दो गुट आमने-सामने, लाठी-डंडों से हमला; चार घायल, दो मामले दर्ज

भिवंडी। तालुका के पिंपलास क्षेत्र में बुधवार सुबह जमीन के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो गुटों के बीच हुई तीखी झड़प में लाठी-डंडे चले, जिसमें दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद कोनगांव पुलिस ने दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहली शिकायत पिंपलास निवासी मंगेश सुदाम घरत ने दर्ज कराई। उनके अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे वह अपनी पैतृक जमीन पर मौजूद थे, तभी पंकज विट्ठल घरत, बालू घरत, कालीराम घरत, सोग्या घरत और अन्य लोग वहां पहुंचे। कहासुनी बढ़ने पर आरोपियों ने लकड़ी के डंडों से उन पर हमला कर दिया। इस मारपीट में मंगेश घरत, भाऊ नागरे और प्रतीक मे चापर सहित तीन लोग घायल हुए।दूसरी शिकायत बालू विट्ठल घरत ने दर्ज की है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंगेश घरत, सुदाम घरत, नागेश घरत और हरीश घरत सहित कई लोग जमीन पर जबरन कब्जा करने पहुंचे और मौके पर मौजूद महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की की। आरोपियों ने लकड़ी के डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।कोनगांव पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। झड़प में घायल हुए चार लोगों का उपचार स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। दोनों प्रकरणों की जांच पुलिस उपनिरीक्षक अनिल धुमसे कर रहे हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट