भिवंडी मनपा चुनाव की तारीखों का ऐलान, 15 जनवरी को मतदान

16 जनवरी 2026 को आएंगे नतीजे, नामांकन प्रक्रिया 23 दिसंबर से होगी शुरू


भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगर पालिका (बीएनसीएमसी) के चुनाव की तारीखों का आधिकारिक ऐलान राज्य चुनाव आयोग की ओर से कर दिया गया है। चुनाव आयोग के अनुसार, भिवंडी मनपा समेत राज्य की 29 महानगर पालिकाओं के लिए 15 जनवरी 2026 को मतदान कराया जाएगा, जबकि इसके अगले दिन 16 जनवरी 2026 को मतगणना होगी और नतीजे घोषित किए जाएंगे।

चुनाव कार्यक्रम के तहत 23 दिसंबर से 30 दिसंबर तक उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच 31 दिसंबर तक की जाएगी। इसके बाद 2 जनवरी 2026 तक उम्मीदवारों को अपना नामांकन वापस लेने का अवसर दिया जाएगा। नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 3 जनवरी को अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी और उन्हें चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।भिवंडी मनपा चुनाव को लेकर हमेशा से राजनीतिक दलों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलता रहा है। शहर की सत्ता पर कब्जे के लिए प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ-साथ स्थानीय राजनीतिक समूह भी पूरी ताकत झोंकते नजर आते हैं। चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही शहर का सियासी माहौल गर्मा गया है।

नामांकन प्रक्रिया की तारीखें सामने आते ही संभावित उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। टिकट पाने के लिए दावेदारों की जोड़-तोड़ शुरू हो गई है, वहीं पार्टियां चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गई हैं। राज्य चुनाव आयोग ने चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। आचार संहिता लागू होने के साथ ही प्रशासन और पुलिस विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। आगामी दिनों में भिवंडी मनपा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना जताई जा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट