भगवानपुर पुलिस ने विभिन्न मामलों में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर भेजा न्यायिक हिरासत में

अनुमंडल संवाददाता सिंहासन यादव की रिपोर्ट 


भभुआं (कैमूर)-- अनुमंडल अंतर्गत भगवानपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने विभिन्न मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस संबंध में भगवानपुर थाना अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने विस्तृत जानकारी दी। थाना अध्यक्ष ने बताया कि बीते संध्या विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान पहाड़िया मोड़ के पास एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। इसी दौरान बाइक सवार के पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर उसमें से करीब 9 लीटर बुलू लाइम फ्रूटी शराब बरामद की गई। हालांकि, मौके का फायदा उठाकर बाइक सवार अपनी बाइक लेकर फरार हो गया। फरार अभियुक्त की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। इसके अतिरिक्त थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर वाहन जांच एवं छापामारी अभियान के क्रम में शराब के नशे में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मिथलेश कुमार, उम्र 20 वर्ष, पिता अनिरुद्ध सिंह, ग्राम बियर बांध, थाना शिवसागर, जिला रोहतास तथा ओम प्रकाश कुमार, उम्र 27 वर्ष, पिता बसावन कहार, ग्राम उमापुर, थाना भगवानपुर, जिला कैमूर शामिल हैं। वहीं डायल 112 पर प्राप्त सूचना के अनुसार ग्राम कसेर में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पतोह के साथ मारपीट किए जाने की जानकारी मिली। सूचना के आलोक में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर ससुर महाराणा प्रताप सिंह, उम्र 59 वर्ष, पिता धर्मराज सिंह, ग्राम कसेर, थाना भगवानपुर, जिला कैमूर को शराब के नशे में गिरफ्तार किया। इस मामले में आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा भगवानपुर थाना कांड संख्या 274/25 के तहत शराब के पूर्व मामले में नामजद अभियुक्त सुग्रीव बिंद, पिता शिव पूजन बिंद, ग्राम निविया ताड़, थाना चैनपुर, जिला कैमूर को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सभी गिरफ्तार अभियुक्तों का भगवानपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल जांच कराने के बाद उन्हें भभुआ न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट