मोहनियां-भभुआं पथ पर हार्वेस्टर ने दो अधिवक्ताओं को मारी टक्कर, बाल-बाल बचे

कैमूर-- जिला अंतर्गत मोहनियां-भभुआं मुख्य पथ पर बारे गांव के समीप शुक्रवार को एक अनियंत्रित हार्वेस्टर ने मोटरसाइकिल सवार दो अधिवक्ताओं को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में जिला अधिवक्ता संघ भभुआ के अधिवक्ता चंद्रकांत तिवारी और कृष्णकांत पाण्डेय (कृष्ण मोहन पाण्डेय) गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत रही कि दोनों अधिवक्ताओं ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनके सिर में चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के मुताबिक, जिला अधिवक्ता संघ भभुआ के दोनों अधिवक्ता नियमित वकालत के सिलसिले में शुक्रवार को मोहनिया अनुमंडल सिविल कोर्ट गए थे। दोपहर बाद जब वे अपनी मोटरसाइकिल से वापस भभुआ लौट रहे थे, तभी बारे के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक हार्वेस्टर ने उनकी बाइक में धक्का मार दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों अधिवक्ता सड़क पर दूर जा गिरे। घटना के संबंध में अधिवक्ता मंटू पाण्डेय ने बताया कि हादसे में दोनों अधिवक्ताओं के पैर और घुटने में गंभीर चोटें आई हैं। हालांकि, उन्होंने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए हेलमेट लगा रखा था, जिसकी वजह से उनके सिर में कोई चोट नहीं लगी और वे सुरक्षित हैं। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल फोर व्हीलर गाड़ी से सदर अस्पताल भभुआ पहुँचाया गया। हादसे की खबर मिलते ही जिला अधिवक्ता संघ से जुड़े दर्जनों अधिवक्ता उनका हालचाल जानने सदर अस्पताल पहुँचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की स्थिति में सुधार देखते हुए उन्हें छुट्टी दे दी, जिसके बाद वे अपने आवास चले गए। अधिवक्ताओं ने इस घटना पर चिंता जताते हुए तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की मांग की है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट