डीएम ने मध्य विद्यालय गरुड़ा का किया निरीक्षण
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 04, 2026
- 2 views
मध्याह्न भोजन,शिक्षकों की उपस्थिति एवं शैक्षणिक व्यवस्था का लिया जायजा
रोहतास ।जिलाधिकारी,दीपक कुमार मिश्र ने शिवसागर प्रखंड के मध्य विद्यालय गरुड़ा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों की उपस्थिति,विद्यार्थियों को उपलब्ध करायी जा रही मूलभूत सुविधाओं और विद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए संचालित मध्याह्न भोजन योजना की भी जाँच की। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता,स्वच्छता एवं बच्चों को समय पर भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही शिक्षकों की उपस्थिति-पंजी का अवलोकन किया तथा विद्यालय में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने विद्यालय परिसर में बच्चों के खेलने-कूदने के लिए उपलब्ध करायी गयी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता, पेयजल,शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित कर्मियों एवं शिक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विद्यालय में बच्चों को सभी आवश्यक मूलभूत सुविधायें उपलब्ध करायी जायें। पठन-पाठन की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। सभी शिक्षक निर्धारित समय पर विद्यालय पहुँचकर समय से अपनी-अपनी कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करें। बच्चों की पढ़ाई नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण,गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आवश्यक सुविधायें उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जायेगी।


रिपोर्टर