भिवंडी-निजामपुर पालिका में चुनावी सरगर्मी तेज, चौथे दिन 409 नामांकन फॉर्म बिके
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 27, 2025
- 221 views
अब तक 1982 फॉर्म की बिक्री, नामांकन दाखिल सिर्फ 23
भिवंडी। भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका के सार्वत्रिक चुनाव 2025-26 को लेकर शहर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन उम्मीदवारों और उनके समर्थकों में उत्साह साफ नजर आया। हालांकि फॉर्म खरीदने वालों की संख्या के मुकाबले नामांकन दाखिल करने वालों की रफ्तार अब भी धीमी बनी हुई है।निर्वाचन विभाग द्वारा 27 दिसंबर को जारी आंकड़ों के अनुसार, शहर के सात निर्वाचन निर्णय अधिकारियों के कार्यालयों से चौथे दिन कुल 409 नामांकन फॉर्म बेचे गए, जबकि केवल 16 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
जानकारी के मुताबिक, चौथे दिन सबसे अधिक नामांकन फॉर्म निर्वाचन निर्णय अधिकारी क्रमांक-4 के क्षेत्र में बिके, जहां 135 फॉर्मों की बिक्री हुई। इसके बाद क्रमांक-3 क्षेत्र में 82, क्रमांक-2 में 44, क्रमांक-5 में 42, क्रमांक-1 में 41, क्रमांक-7 में 34 और क्रमांक-6 क्षेत्र में 31 नामांकन फॉर्म बिके।हालांकि, फॉर्म बिक्री के मुकाबले नामांकन दाखिल करने वालों की संख्या काफी कम रही। कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ, जिससे यह संकेत मिलता है कि कई इच्छुक उम्मीदवार अभी रणनीति बनाने और समीकरण साधने में जुटे हुए हैं।
गौरतलब है कि नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन 496 लोगों ने फॉर्म खरीदे थे। दूसरे दिन 556 उम्मीदवारों ने नामांकन फॉर्म लिया, लेकिन सिर्फ एक ने नामांकन दाखिल किया था। तीसरे दिन 515 फॉर्म बिके और 6 उम्मीदवारों ने नामांकन अर्ज दाखिल किए।अब तक कुल 1982 लोगों ने नामांकन फॉर्म खरीदे हैं, जबकि महज 23 उम्मीदवारों ने ही नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। चुनावी जानकारों का मानना है कि नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिनों में नामांकन दाखिल करने वालों की संख्या में तेजी आने की संभावना है।


रिपोर्टर