कई कांडों में वांछित टॉप-10 अपराधी अरबिन्द गिरफ्तार, भेजा गया जेल
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Dec 30, 2025
- 212 views
रामगढ़ थाना क्षेत्र के लबेदहा गांव का है निवासी, पुलिस को लंबे समय से थी तलाश
जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर- पुलिस के द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मोहनिया अनुमंडल क्षेत्र के टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल शातिर अपराधी अरबिन्द कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त रामगढ़ थाना क्षेत्र के लबेदहा गांव का निवासी है, जिसकी तलाश पुलिस को कई संगीन मामलों में लंबे समय से थी। मिली जानकारी के अनुसार, 30 दिसंबर 2025 को रामगढ़ थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वांछित अपराधी अरबिन्द कुमार, पिता- सकलदीप राम, अपने थाना क्षेत्र में ही कहीं छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
दर्जनों कांडों में रहा है संलिप्त
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अरबिन्द कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह न केवल मारपीट और जानलेवा हमले जैसे मामलों में शामिल था, बल्कि बिहार में लागू मद्यनिषेध कानून के उल्लंघन के भी कई मामलों में मुख्य अभियुक्त था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उस पर रामगढ़ थाना में कुल छह महत्वपूर्ण मामले दर्ज हैं:
जानलेवा हमला: वर्ष 2022 में रामगढ़ थाना कांड सं0- 203/22 के तहत उस पर धारा 308 सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
शराब तस्करी: अभियुक्त शराबबंदी कानून के उल्लंघन के मामलों में आदतन अपराधी रहा है। उस पर वर्ष 2021 (कांड सं0 233/21), वर्ष 2024 (कांड सं0 439/24 व 474/24) और वर्ष 2025 (कांड सं0 84/25 व 225/25) में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद संशोधन अधिनियम के तहत कई प्राथमिकी दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इनमें से कई मामलों में वह फरार चल रहा था और पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर अपनी आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


रिपोर्टर