नववर्ष को लेकर डीएम की बैठक


रोहतास। जिलाधिकारी उदिता सिंह के द्वारा जिले में नववर्ष-1 जनवरी के अवसर पर शांति,सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से सभी अनुमंडल पदाधिकारी,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक बैठक की गयी। इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नववर्ष के दिन जिले के सभी प्रमुख पिकनिक-स्थलों,पर्यटन-स्थलों, जलप्रपातों,पार्कों एवं भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक-स्थलों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाय। उन्होंने विशेष तौर पर दुर्गावती डैम,इंद्रपुरी डैम,माँ तुतला भवानी धाम,माँ ताराचण्डी धाम,मांझर-कुंड,रोहतासगढ़ किला,महादेव खोह और शेरशाह सूरी मकबरा में निगरानी रखने की बात कही। डीएम ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों के पिकनिक-स्थलों पर पहुँचने की संभावना रहती है,ऐसे में सतत निगरानी अत्यंत आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि पिकनिक- स्थलों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाय। वाहनों की सघन जाँच, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर,भीड़ नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जायें। साथ ही किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या हुड़दंग की स्थिति में तत्काल सख्त कार्रवाई की जाय। सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा नियमित गश्ती के माध्यम से सतत निगरानी रखने पर विशेष बल दिया गया। बैठक में राज्य में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून को लेकर भी विशेष चर्चा की गयी। डीएम ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध शराब की बिक्री,भंडारण एवं सेवन पर कड़ी नजर रखी जाय और शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाय। उन्होंने निदेश दिया कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर स्थिति पर लगातार नजर रखें और समयानुकूल स्थिति की जानकारी वरीय अधिकारियों को उपलब्ध करायें।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट