अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, देशी पिस्टल व जिंदा कारतूस बरामद
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jan 01, 2026
- 107 views
भिवंडी। भिवंडी में मनपा चुनाव की सरगर्मी के बीच अवैध हथियारों की बढ़ती घटनाओं ने पुलिस और नागरिकों दोनों की चिंता बढ़ा दी है। शांतिनगर पुलिस थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से देशी बनावट की पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 31 दिसंबर की देर शाम करीब पांच बजे साई नगर स्थित सिया प्रोजेक्ट कंपनी के पीछे की गई। गश्त पर तैनात पुलिस टीम को एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया। संदेह के आधार पर जब उसे रोका गया और तलाशी ली गई तो उसके पास से करीब 20 हजार 500 रुपये कीमत की देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार युवक की पहचान मोहम्मद अली उर्फ भुऱ्या हुसैन सैयद (21) के रूप में हुई है। वह भिवंडी के गायत्रीनगर इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। पूछताछ के दौरान आरोपी हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज पुलिस को नहीं दिखा सका। शांतिनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 3 और 25 के साथ-साथ महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37(1) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक योगेश गायकर कर रहे हैं। गौरतलब है कि मनपा चुनाव नजदीक आते ही भिवंडी और आसपास के इलाकों में अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तारी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। लगभग रोज किसी न किसी इलाके से हथियार बरामद होने की खबरें आ रही हैं, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि चुनावी अवधि के मद्देनज़र गश्त और सख्त कर दी गई है तथा अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।


रिपोर्टर