भिवंडी मनपा चुनाव में आचार संहिता पर कड़ी नजर, 6 मामले दर्ज, 12.68 लाख रुपये जब्त

चुनाव आयोग के निर्देश पर आचार संहिता कक्ष स्थापित, 24 घंटे टोल फ्री नंबर पर दर्ज हो रही हैं शिकायतें


भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका की सार्वत्रिक चुनाव 2025-26 की घोषणा के बाद चुनाव आचार संहिता के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। राज्य चुनाव आयोग के निर्देशानुसार और चुनाव अधिकारी तथा आयुक्त अनमोल सागर के मार्गदर्शन में अतिरिक्त आयुक्त एवं आचार संहिता नोडल अधिकारी विठ्ठल डाके के नियंत्रण में विशेष आचार संहिता कक्ष की स्थापना की गई है।

आचार संहिता के पालन पर नजर रखने के लिए समीर जवरे को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही प्रभाग समिति स्तर पर आचार संहिता पथक प्रमुखों की नियुक्ति की गई है। प्रभाग समिति क्रमांक 1 के लिए मकसुम शेख, प्रभाग समिति क्रमांक 2 के लिए माणिक जाधव, प्रभाग समिति क्रमांक 3 के लिए सुरेंद्र भोईर, प्रभाग समिति क्रमांक 4 के लिए गिरीधर घोष्टेकर तथा प्रभाग समिति क्रमांक 5 के लिए सईद चिवणे को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

आचार संहिता की सख्ती से निगरानी के लिए इन अधिकारियों के अधीन कुल 11 फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (FST), 7 स्थिर सर्वेक्षण टीम (SST) और 13 वीडियो सर्विलांस टीम (VST) तैनात की गई हैं। ये टीमें चुनाव प्रचार, सभाओं और अन्य गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं।

भिवंडी मनपा की मुख्य प्रशासकीय इमारत के कक्ष क्रमांक 409 में आचार संहिता कक्ष स्थापित किया गया है। नागरिकों की शिकायतों के लिए 24 घंटे टोल फ्री नंबर 18002331105, दूरभाष नंबर (02522) 229959 और ई-मेल bncmc.ele.mcc@gmail.com की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई कर निवारण किया जा रहा है।

प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार अब तक आचार संहिता उल्लंघन के मामलों में विभिन्न पुलिस थानों में पथकों द्वारा कुल 6 अपराध दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही 12 लाख 68 हजार 900 रुपये की नकद राशि जब्त की गई है।

चुनाव अधिकारी तथा आयुक्त अनमोल सागर ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी आचार संहिता का उल्लंघन होता दिखाई दे, तो वे बिना संकोच टोल फ्री नंबर या अन्य माध्यमों से शिकायत दर्ज कराएं, ताकि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित किया जा सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट