नारपोली के डायग्नोस्टिक सेंटर में चोरी, शटर तोड़कर लाखों का सामान ले उड़े चोर

लैपटॉप, मोबाइल, टीवी और नकदी समेत 5.29 लाख की चोरी, पुलिस सीसीटीवी के आधार पर जांच में जुटी

भिवंडी। नारपोली पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित एक डायग्नोस्टिक सेंटर में चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने देर रात सेंटर का शटर तोड़कर भीतर प्रवेश किया और लैपटॉप, मोबाइल फोन, टीवी तथा नकदी समेत लाखों रुपये का सामान चुरा ले गए। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता डॉ.अभिषेक सुकनराज जैन (32) नारपोली क्षेत्र में स्थित शुभ डायग्नोस्टिक सेंटर का संचालन करते हैं। 4 जनवरी की रात और 5 जनवरी की सुबह के बीच अज्ञात व्यक्ति ने सेंटर का शटर तोड़कर अंदर घुसपैठ की। इसके बाद चोर ने सेंटर में रखा एक लैपटॉप, मोबाइल फोन, टीवी और नकद राशि समेत कुल लगभग 5.29 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया।

घटना की जानकारी 4 जनवरी को रात करीब 1 बजे सामने आई, जिसके बाद डॉ. जैन ने नारपोली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच हो सकती है। वारदात के समय आरोपी ने हल्के रंग की फुल बाजू की शर्ट, काले रंग की पैंट और सिर पर टोपी पहन रखी थी। आरोपी की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। नारपोली पुलिस ने सेंटर और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। इसके साथ ही आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद किया जाएगा। इस घटना के बाद नारपोली क्षेत्र के व्यापारियों और चिकित्सा संस्थानों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। जिसकी आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक नवले कर रहे है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट