बामी गेट पर गूंजा राष्ट्रगान, महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब

प्रताप सेवा समिति के आयोजन में देशभक्ति, स्वाभिमान और शौर्य को किया गया नमन

मछलीशहर (जौनपुर)। मछलीशहर विकास खंड स्थित ऐतिहासिक बामी गेट पर प्रताप सेवा समिति द्वारा वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि श्रद्धा, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में भव्य रूप से मनाई गई। समिति द्वारा लगातार सात वर्षों से आयोजित किया जा रहा यह कार्यक्रम क्षेत्र में देशप्रेम, इतिहास बोध और आत्मसम्मान की चेतना को सशक्त करने का प्रतीक बन चुका है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भानु प्रताप सिंह ने दीप प्रज्वलन कर तथा महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर आयोजन का शुभारंभ किया। इस दौरान राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में उपस्थित जनसमूह ने वीर शिरोमणि के शौर्य और त्याग को नमन किया।

इस अवसर पर एसएससी जीडी परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय सेना में चयनित ऋषभ सिंह (निवासी—भटेवरा) को प्रताप सेवा समिति की ओर से अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह ने युवाओं में अनुशासन, साहस और राष्ट्रसेवा के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया। वक्ताओं ने कहा कि ऋषभ सिंह की उपलब्धि न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है और यह सिद्ध करती है कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं आज राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जज सिंह अन्ना ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, संघर्ष और आत्मसम्मान की अनुपम मिसाल है। उन्होंने कहा, “महाराणा प्रताप केवल इतिहास के पन्नों में सीमित नहीं हैं, वे हर उस व्यक्ति की प्रेरणा हैं जो स्वाभिमान और राष्ट्रहित के लिए संघर्ष करता है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को सही दिशा और संस्कार मिलते हैं।”

कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रताप सेवा समिति के पदाधिकारियों एवं स्थानीय गणमान्य नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर प्रमुख रूप से विशाल सिंह, राहुल सिंह, गोलू सिंह, हर्ष सिंह, परमानंद पांडे, दीपक सिंह, अरुण दुबे, सूर्य प्रताप सिंह, मोहनलाल, अनिल सिंह, चंचल सिंह, ओम प्रकाश, प्रवीण पाल, विमलेश सिंह, सत्येंद्र सिंह, अंजू तथा संजीव सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट