कैमूर का मान: दिल्ली गणतंत्र दिवस परेड में विशिष्ट अतिथि बनेंगे सिसौड़ा के मुखिया प्रदीप सिंह
- रामजी गुप्ता, सहायक संपादक बिहार
- Jan 20, 2026
- 208 views
रामगढ़ (कैमूर)।। रामगढ़ प्रखंड के सिसौड़ा पंचायत ने राज्य और जिले का नाम रोशन किया है। आगामी 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस परेड में सिसौड़ा पंचायत के मुखिया प्रदीप कुमार सिंह को 'विशिष्ट अतिथि' के रूप में आमंत्रित किया गया है। पूरे बिहार से मात्र 10 मुखियाओं का चयन इस गौरवशाली अवसर के लिए हुआ है, जिसमें कैमूर जिले से सिसौड़ा पंचायत एकमात्र है।
शिक्षा और बाल विकास के मॉडल ने दिलाई पहचान
मुखिया प्रदीप कुमार सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि उन्हें प्रखंड कार्यालय से प्राप्त पत्र के माध्यम से यह जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि यह चयन पंचायत में शिक्षा और बाल विकास के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर हुआ है।
सिसौड़ा पंचायत में पिछले चार वर्षों से निरंतर 10वीं का महामुकाबला परीक्षा आयोजित की जा रही है।
प्रत्येक माह दो बार मुखिया प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन।
विज्ञान प्रदर्शनी, युवाओं हेतु जागरूकता कार्यक्रम और बच्चों को प्रोत्साहन पुरस्कार वितरण।
चयन से पूर्व विभाग द्वारा कार्यों की लिखित रिपोर्ट, फोटो और वीडियो मांगे गए थे, जिसकी समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया।
र
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर रामगढ़ प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) जितेंद्र कुमार ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा:
"यह हमारे पूरे प्रखंड के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि हमारे क्षेत्र के एक कर्मठ जनप्रतिनिधि मुखिया प्रदीप कुमार सिंह का चयन राष्ट्रीय स्तर के समारोह के लिए हुआ है। पंचायत स्तर पर शिक्षा और सामाजिक विकास के प्रति उनकी सक्रियता सराहनीय है। प्रखंड कार्यालय और प्रशासन इस उपलब्धि से गौरवान्वित है।"
इस खबर के बाद प्रखंड कार्यालय से लेकर सिसौड़ा पंचायत तक खुशी का माहौल है। पंचायत के बुद्धिजीवियों और गणमान्य लोगों ने इसे कैमूर के लिए गौरव की बात बताया है। बधाई देने वालों में मुख्य रूप से शेषनाथ सिंह कुशवाहा, अरविंद गुरुदेव, सरविन्द मौर्य, फिरोज अंसारी, हाजी सेराज अंसारी, विमल पांडेय, डब्लू बिंद, शशिकान्त प्रजापति, जितेंद्र प्रजापति, समाजसेवी अनित कुमार, धनंजय भारती, छांगुर बिंद, सुमन्त कुमार लालू और डॉ. जितेंद्र कुमार शामिल हैं।


रिपोर्टर