दिनदहाड़े सीएसपी संचालक से हथियार के बल पर 2.70 लाख की लूट
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 28, 2026
- 1 views
कर्मा-नान्हो पथ पर अपराधियों ने घेरकर की मारपीट, रुपये, मोबाइल और हेलमेट छीने; वारदात से इलाके में दहशत
रोहतास ।जिले के काराकाट थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े सीएसपी संचालक से 2 लाख 70 हजार रुपये लूट लिए। कर्मा और नान्हो गांव के बीच नान्हो आहर छठ घाट के समीप हुई इस वारदात में अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर संचालक को घेरकर मारपीट की। इसके बाद रुपये, मोबाइल और हेलमेट छीनकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।पीड़ित सीएसपी संचालक की पहचान काराकाट थाना क्षेत्र के धनछुहां गांव निवासी सुरेश पांडेय के पुत्र भोला नाथ पांडेय के रूप में हुई है। वह बेलवाई बाजार में पंजाब नेशनल बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। जानकारी के अनुसार ग्राहक सेवा केंद्र के भाई संतोष पाण्डेय ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 10 बजे वह धनवनी स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से 2 लाख 70 हजार रुपये निकालकर अपने सीएसपी केंद्र बेलवाई लौट रहे थे।बताया जाता है कि नान्हो आहर छठ घाट के पास अपराधियों ने उन्हें दोनों ओर से घेर लिया। कुछ अपराधियों ने पीछे से तो कुछ ने आगे से रास्ता रोक लिया। सभी ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। हथियार दिखाकर संचालक के साथ मारपीट की गई। इस दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर आहर में गिर गई। अपराधियों ने धमकी दी कि शोर मचाने पर गोली मार देंगे। इसके बाद रुपये, मोबाइल और हेलमेट लेकर फरार हो गए।घटना की सूचना मिलने के बाद काराकाट पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि लूट की जानकारी मिली है। अपराधियों की तलाश की जा रही है।दिनदहाड़े बैंक से रुपये निकालकर लौट रहे सीएसपी संचालक को निशाना बनाए जाने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस के सामने अपराधियों की पहचान कर लूटकांड का खुलासा करने की चुनौती है।


रिपोर्टर