डीएम ने छठ घाटों और बेदा नहर के प्रस्तावित सड़क मार्ग का किया निरीक्षण


रोहतास।जिलाधिकारी रोहतास दीपक कुमार मिश्रा ने सोमवार को दो महत्वपूर्ण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। पहले उन्होंने लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियों को लेकर लालगंज नहर, त्रिनेत्रा नहर एवं सासाराम के अन्य छठ घाटों का जायजा लिया, वहीं दूसरी ओर बेदा नहर के पूर्वी भाग में पुराने जी.टी. रोड से छह लेन सड़क तक प्रस्तावित सड़क मार्ग के निर्माण की संभावनाओं का भी निरीक्षण किया।


छठ व्रतियों की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता - जिलाधिकारी


छठ घाटों के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि छठ व्रतियों की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लालगंज नहर, त्रिनेत्रा नहर एवं सासाराम के अन्य घाटों पर उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, साफ-सफाई, घाटों की स्थिति तथा सुरक्षा संबंधी तैयारियों का जायजा लिया।जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को सभी घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों से कचरा हटाने तथा पूजा के दौरान नियमित सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया।वहीं अंचल अधिकारी, सासाराम को घाटों के गहरे जल वाले एवं खतरनाक स्थानों की पहचान कर पर्याप्त बैरिकेडिंग करने, फिसलन वाले स्थानों को दुरुस्त करने, चेतावनी संकेतक लगाने तथा प्रकाश व्यवस्था, आवागमन एवं भीड़ प्रबंधन को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया।उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, बैरिकेडिंग पार न करें, गहरे पानी में न जाएं तथा घाटों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।


बेदा नहर के पास नई सड़क की संभावनाओं पर निरीक्षण


इसके बाद जिलाधिकारी ने बेदा नहर के पूर्वी भाग में पुराने जीटी रोड से छह लेन सड़क तक प्रस्तावित सड़क मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रस्तावित सड़क की स्थिति, उपलब्ध भूमि, यातायात की आवश्यकता तथा निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं का आकलन किया।जिलाधिकारी ने अंचल अधिकारी, नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, सोन उच्च स्तरीय नहर प्रमंडल तथा ग्रामीण कार्य विभाग के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ संयुक्त स्थलीय निरीक्षण करने तथा सड़क की संभावित रूपरेखा, भूमि की उपलब्धता, तकनीकी व्यवहार्यता तथा यातायात की आवश्यकताओं पर विस्तृत संयुक्त प्रतिवेदन तैयार कर संबंधित विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क संपर्कता को बेहतर बनाने तथा आम लोगों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए आधारभूत संरचनाओं के प्रस्तावों का तकनीकी एवं व्यावहारिक परीक्षण आवश्यक है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट