भभुआ में मजदूर पर चाकू से चार वार, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 28, 2026
- 1 views
ब्यूरो चीफ संदिप कुमार
कैमूर:-- जिले के भभुआ थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। बाइक सवार हमलावरों पर एक मजदूर को घेरकर चाकू से चार बार वार करने का आरोप है। घटना में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान कबार गांव निवासी सिपाही पासवान के पुत्र राजू पासवान उर्फ दिवाकर पासवान के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, राजू पासवान मजदूरी करने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान दतियांव गांव स्थित डेयरी फार्म के पास बाइक सवार हमलावरों ने उसे घेरने की कोशिश की। बताया जाता है कि युवक ने भागकर बचने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उस पर चाकू से चार बार वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
दो लोगों को किया गया नामजद
घटना के संबंध में भभुआ थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि मामले में दो लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। दोनों आरोपी घायल मजदूर के गांव कबार के ही गोतिया बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना का कारण घरेलू विवाद बताया जा रहा है। थानाध्यक्ष ने कहा कि दोनों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जल्द कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है। अब आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस की जांच पर सबकी नजर है।


रिपोर्टर