मौंत का सिरप बेंच रहा था युवक, पुलिस ने किया गिरफ्तार
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jan 23, 2026
- 135 views
100 बोतल कफ सिरप जब्त
भिवंडी। भिवंडी शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ शांतिनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित खांसी की सिरप की तस्करी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बिलाल नगर इलाके से एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 18,300 रुपये कीमत की नशीली दवाइयों की खेप जब्त की है। इस कार्रवाई से इलाके में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता हेड कांस्टेबल किरण हनुमंत जाधव को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक नशीली खांसी की सिरप बेचने के उद्देश्य से बिलाल नगर इलाके में घूम रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए शांतिनगर पुलिस ने तत्काल जाल बिछाया और 22 जनवरी की सुबह करीब 9:30 बजे बिलाल नगर, भंगारवाला के सामने छापेमारी की।इस दौरान पुलिस ने जिशान अख्तर शेख (26) नामक युवक को संदिग्ध हालत में रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद एक सफेद प्लास्टिक की बोरी से प्रतिबंधित खांसी की सिरप की 100 बोतलें बरामद की गईं। जांच में पाया गया कि जब्त की गई सिरप में Triprolidine Hydrochloride और Codeine Phosphate जैसे नशीले तत्व मौजूद थे, जिनकी बिक्री बिना डॉक्टर के पर्चे के करना कानूनन अपराध है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास दवा बेचने से संबंधित कोई लाइसेंस, बिल या वैध परमिट नहीं था। जब्त की गई नशीली दवाइयों की कुल कीमत करीब 18,300 रुपये आंकी गई है। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। शांतिनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के साथ-साथ एनडीपीएस एक्ट और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी न्यायिक हिरासत में है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह नशीली सिरप कहां से लाई गई थी और किन-किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जा रही थी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।


रिपोर्टर