पुलिस सब इंस्पेक्टर ने नियमों की धज्जियां उड़ा किया निजी सहकारी समिति का उद्घाटन

जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर-- पुलिस की वर्दी अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और निष्पक्षता का प्रतीक मानी जाती है, लेकिन कैमूर जिले के कुदरा नगर पंचायत स्थित लालापुर में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस नियमावली और प्रोटोकॉल पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहाँ 'कैमूर विकास स्वावलम्बी सहकारी समिति' के प्रधान कार्यालय के उद्घाटन समारोह में कुदरा थाना की पुलिस न केवल अतिथि के रूप में शामिल हुई, बल्कि ऑन-ड्यूटी वर्दी पहनकर फीता भी काटा।

जानकारी के अनुसार, लालापुर में उक्त सहकारी समिति के नए कार्यालय का उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान कुदरा थाने के पुलिसकर्मी वर्दी में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। हैरानी तब हुई जब फीता काटने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में वर्दीधारी पुलिसकर्मियों को आगे किया गया। पुलिसकर्मियों ने भी बिना किसी झिझक के सार्वजनिक रूप से फीता काटकर संस्था की शुरुआत की। इस पूरी घटना की तस्वीरें और वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।

नियमों के विरुद्ध है यह आचरण

पुलिस मैन्युअल और सेवा नियमावली के अनुसार, वर्दी पहनकर किसी भी निजी संस्था, व्यावसायिक प्रतिष्ठान या सहकारी समिति का उद्घाटन करना नियमों के विरुद्ध है। पुलिस अधिकारी या कर्मी वर्दी में केवल सरकारी कार्यक्रमों या विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में ही इस तरह की भूमिका निभा सकते हैं। किसी निजी लाभ वाली संस्था का प्रचार करना या उसके उद्घाटन में 'ब्रांड एंबेसडर' की तरह दिखना पुलिस की निष्पक्ष छवि को धूमिल करता है। जानकारों का कहना है कि वर्दी में ऐसी गतिविधियों में शामिल होना 'मिसकंडक्ट' (दुराचार) की श्रेणी में आता है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट