महाशिवरात्रि यज्ञ की भव्य जलभरी शोभायात्रा निकली
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Feb 06, 2026
- 34 views
रोहतास। जिला मुख्यालय सासाराम में महाशिवरात्रि महायज्ञ के अवसर पर निकाली गई भव्य जलभरी शोभायात्रा ने एक बार फिर दशकों पुरानी धार्मिक परंपरा को जीवंत कर दिया। हाथी, घोड़े और ऊँटों के साथ निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूब गया।
यह आयोजन नगर भ्रमण करते हुए यज्ञ स्थल तक पहुंचा। शोभायात्रा के दौरान भक्ति गीत, धार्मिक जयघोष और पारंपरिक साज-सज्जा ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
आयोजकों के अनुसार, हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री शंकर ज्ञान महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत 06 फरवरी 2026 को जलयात्रा, नगर भ्रमण एवं कलश स्थापना संपन्न हुई।
आगामी कार्यक्रमों में 07 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक संत-महात्माओं एवं विद्वानों द्वारा प्रवचन एवं उपदेश होंगे। 15 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव की विशेष पूजा का आयोजन किया जाएगा। वहीं, 16 फरवरी 2026 को प्रसाद वितरण एवं बाल भोग के साथ यज्ञ का समापन होगा।
इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और प्रशासन की ओर से व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।


रिपोर्टर