जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने दिए आवश्यक निर्देश

राजगढ़ । कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में गुरूवार को कलेक्‍ट्रेट सभागार में जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने बताया कि जनगणना कार्य दो चरणों में संपन्न होगा। प्रथम चरण के अंतर्गत 01 मई से 30 मई, 2026 तक मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) का कार्य किया जाएगा। द्वितीय चरण फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना का होगा। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसमें सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।

बैठक में बताया गया कि जिला स्तर पर मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जो आगे सेक्टर स्तर तक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण देंगे, ताकि जनगणना कार्य त्रुटिरहित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने डिप्‍टी कलेक्‍टर व जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती ज्योति राजोरे को निर्देशित किया कि जनगणना 2027 से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण की जाएं। साथ ही संबंधित विभागों के समन्वय से प्रशिक्षण, संसाधन व्यवस्था एवं मैदानी अमले की तैनाती सुनिश्चित की जाए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट