कक्षा 4 की छात्राओं ने प्रधानाध्यापक पर लगाया छेड़खानी का आरोप

बरसठी (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय महमदपुर पट्टी हुलास में तैनात प्रधानाध्यापक पर कक्षा 4 की दो छात्राओं द्वारा छेड़खानी का आरोप लगाए जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में विद्यालय पहुंच गए तथा जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी प्रधानाध्यापक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों छात्राएं रोजा होने के कारण अवकाश लेने के लिए प्रधानाध्यापक रजनीश कुमार निषाद, पुत्र मिठाईलाल, निवासी ग्राम खानपुर थाना बक्सा जनपद जौनपुर के पास गई थीं। छात्राओं का आरोप है कि छुट्टी देने से इनकार करते हुए प्रधानाध्यापक ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया।

छात्राएं किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंचीं और परिजनों को रोते हुए पूरी घटना बताई। जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और करीब 50 की संख्या में लोग विद्यालय परिसर पहुंचकर विरोध जताने लगे। स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और आरोपी प्रधानाध्यापक को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। छात्राओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा मामले की गहन जांच जारी है।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। अभिभावकों ने विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट