जनसेवा के संकल्प के साथ सक्रिय हुईं डॉ. अर्चना शुक्ला
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Feb 23, 2026
- 202 views
क्षेत्र के विकास का रखा रोडमैप क्षेत्रीय मंत्री, काशी क्षेत्र भाजपा किसान मोर्चा ने जनसमस्याओं के समाधान को बताया प्राथमिक लक्ष्य
मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर)। आगामी विधानसभा चुनाव की आहट के साथ क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। भारतीय जनता पार्टी की सक्रिय नेत्री एवं क्षेत्रीय मंत्री, काशी क्षेत्र भाजपा किसान मोर्चा डॉ. अर्चना शुक्ला ने जनसंपर्क अभियान के दौरान क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताओं को विस्तार से साझा किया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने जनसेवा, विकास और जनता से निरंतर संवाद को अपनी राजनीतिक कार्यशैली का आधार बताया।
डॉ. अर्चना शुक्ला ने कहा कि मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र की जनता बेहतर सड़क, सुचारु यातायात व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की अपेक्षा रखती है। उन्होंने कस्बे में लंबे समय से जाम की समस्या को प्रमुख मुद्दा बताते हुए बाईपास निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा यातायात प्रबंधन को व्यवस्थित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होते हैं, इसलिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षण संस्थानों और बेहतर चिकित्सा सेवाओं का विस्तार आवश्यक है। कृषि प्रधान क्षेत्र होने के कारण किसानों के लिए सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करना, कृषि संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाना तथा महिलाओं को लघु एवं कुटीर उद्योगों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
डॉ. अर्चना शुक्ला ने कहा कि वह लंबे समय से क्षेत्र की जनता के बीच रहकर सामाजिक कार्यों में सक्रिय रही हैं और लोगों की समस्याओं को नजदीक से समझती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन का मार्गदर्शन और जनता का आशीर्वाद मिला तो क्षेत्र को विकास और सुशासन की नई पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अंत्योदय और “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर कार्य करती है, जिसके माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है। क्षेत्र में चल रहा उनका जनसंपर्क अभियान लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां विकास, जनभागीदारी और सकारात्मक सोच को केंद्र में रखकर आगे बढ़ने की बात कही जा रही है।


रिपोर्टर