मोहनिया के जागृति हॉस्पिटल में डिलीवरी के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों का हंगामा
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Apr 01, 2026
- 6 views
रिपोर्ट संदिप कुमार
कैमूर :-- नगर स्थित जागृति हॉस्पिटल में मंगलवार-बुधवार की रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां डिलीवरी के दौरान जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। मृतका की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के बेलौड़ी गांव निवासी शिव शंकर गुप्ता की 26 वर्षीय पत्नी गीता देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गीता देवी को प्रसव पीड़ा होने पर मंगलवार की देर रात जागृति हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा समय पर समुचित इलाज नहीं किया गया, जिसके कारण जच्चा और नवजात दोनों की मौत हो गई।
घटना के बाद सुबह परिजन शव को अस्पताल में ही रखकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल कर्मियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। हंगामे के दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने लापरवाही के आरोपों से इंकार करते हुए कहा कि मरीज की स्थिति पहले से ही गंभीर थी और उसे बचाने का हर संभव प्रयास किया गया, लेकिन स्थिति नियंत्रित नहीं हो सकी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।


रिपोर्टर