कोईलवर ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत


अनिल कुमार सिंह 

ब्यूरो चीफ भोजपुर।दानापुर मंडल के आरा-पटना रेलखंड पर कोईलवर रेलवे स्टेशन के अप प्लेटफॉर्म पाया संख्या दस के समीप रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई।


मृतक की पहचान नगर पंचायत कोईलवर के वार्ड संख्या तीन निवासी स्व राज गोविंद साव के 60 वर्षीय पुत्र सूरज साव के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुजुर्ग किसी कारणवश प्लेटफॉर्म के किनारे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए।


घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल आरा भेज दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई।


इधर, घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी शीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के अन्य सदस्य भी गहरे सदमे में हैं। बताया जाता है कि मृतक के चार बेटियां और दो बेटे हैं, जिनमें से तीन बेटियों और एक बेटे की शादी हो चुकी है। परिवार का मुख्य सहारा रहे सूरज साव के निधन से पूरे घर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


स्थानीय लोगों ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन से रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट