नफीस अहमद ने बॉडीबिल्डिंग में लहराया परचम, राष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया रोहतास का गौरव
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- May 11, 2026
- 3 views
रोहतास।मेहनत, अनुशासन और फिटनेस के दम पर तिलौथू के युवा व्यवसायी नफीस अहमद लगातार सफलता की नई इबारत लिख रहे हैं। इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप संचालक होने के साथ-साथ बॉडीबिल्डिंग के क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी खास पहचान बना ली है। हाल ही में पंजाब के जालंधर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में नफीस अहमद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
इस उपलब्धि से पहले भी उन्होंने 3 मई 2026 को पटना में आयोजित योद्धा बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। उस प्रतियोगिता में उन्होंने बॉडीबिल्डिंग वर्ग में पहला स्थान हासिल करने के साथ ओवरऑल टाइटल भी जीता था, जबकि क्लासिक फिजिक कैटेगरी में दूसरा स्थान प्राप्त किया था।
लगातार मिल रही इन सफलताओं ने नफीस अहमद को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बना दिया है। फिटनेस के प्रति उनकी लगन और नियमित अभ्यास की चर्चा अब पूरे जिले में हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यवसाय के साथ खेल के क्षेत्र में इस तरह की उपलब्धि हासिल करना आसान नहीं होता, लेकिन नफीस अहमद ने अपनी मेहनत से यह साबित कर दिखाया है कि अगर इरादे मजबूत हों तो हर मंजिल हासिल की जा सकती है। उनकी जीत की खबर मिलते ही तिलौथू सहित पूरे रोहतास जिले में खुशी का माहौल है। कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपने प्रदर्शन से जिले का सम्मान राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया है।


रिपोर्टर