शेरशाह अभियंत्रण महाविद्यालय में विधिक एवं वित्तीय अनुपालन पर कार्यशाला


रोहतास।स्टार्टअप सेल,शेरशाह अभियंत्रण महाविद्यालय,सासाराम द्वारा बुधवार को महाविद्यालय परिसर में “विधिक एवं वित्तीय अनुपालन” विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया,जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों एवं नवोदित उद्यमियों को उद्योग स्थापना से जुड़ी कानूनी,वित्तीय एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उद्योग विभाग के महाप्रबंधक आशीष रंजन ने विद्यार्थियों को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी स्टार्टअप या उद्योग की सफलता के लिए कानूनी एवं वित्तीय नियमों की सही जानकारी आवश्यक है। उन्होंने बिहार सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्टार्टअप एवं उद्यमिता योजनाओं की भी जानकारी दी। कार्यशाला के मुख्य वक्ता अरुण कुमार तिवारी ने बौद्धिक संपदा अधिकार,कंपनी पंजीकरण, जीएसटी अनुपालन तथा अनुबंध प्रक्रिया जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में स्टार्टअप- संस्कृति तेजी से विकसित हो रही है और ऐसे में युवाओं को कानूनी एवं वित्तीय प्रक्रियाओं की जानकारी होना जरूरी है,ताकि वे भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक या कानूनी कठिनाइयों से बच सकें।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ0मनीष कुमार ने विद्यार्थियों को नवाचार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ व्यवसायिक एवं विधिक जानकारी भी विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए जरूरी है। इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक शैलेश सौरभ तथा महाविद्यालय के फैकल्टी सदस्य और कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं तथा उद्यमिता में रुचि रखने वाले प्रतिभागियों ने भी भाग लिया। विदित हो कि बिहार सरकार द्वारा स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए लगातार विभिन्न योजनाएँ चलायी जा रही हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को स्वरोजगार एवं उद्योग स्थापना की दिशा में प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट