नारी सशक्तिकरण की मिसाल: सासाराम में अंतर्राष्ट्रीय क्षत्रिय वीरांगना महासभा की प्रदेश स्तरीय बैठक संपन्न
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- May 24, 2026
- 3 views
रोहतास। जिला मुख्यालय सासाराम की ऐतिहासिक धरती पर रविवार को स्थानीय मंगलम होटल के सभागार में अंतर्राष्ट्रीय क्षत्रिय वीरांगना महासभा की बिहार प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। महासभा की जिलाध्यक्ष कुमकुम सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. एम.एस. सिंह मानस (संस्थापक), डॉ. प्रीति कश्यप (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष), वंदना रघुवंशी (राष्ट्रीय सचिव), शिवानी सिंह (संयुक्त सचिव), रश्मी सिंह (अध्यक्ष) तथा कुमकुम सिंह (जिलाध्यक्ष) ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों के स्वागत और मनोरंजन के लिए दो नन्हीं बच्चियों अविका सिंह और सताक्षी सिंह ने मनमोहक स्वागत गान और गणेश वंदना पर नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह की खूब वाह-वाही बटोरी। इसके बाद टाटा, पटना, वाराणसी सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आईं वीरांगना सदस्यों को शाल और महासभा का मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। बैठक के दरम्यान वीरांगना की अतिथि महिलाओं ने कहा कि आज की क्षत्राणी वीरांगना को तलवार उठाने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि उसे शिक्षा, संस्कार, आत्मनिर्भरता और वैचारिक चेतना की ढाल से समाज की कुरीतियों का वध करना है। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने हुंकार भरी और कहा कि यह महासभा केवल एक संगठन नहीं, बल्कि रानी लक्ष्मीबाई, हाड़ी रानी और माता पद्मिनी जैसी वीरांगनाओं के संस्कारों और बहादुरी की आधुनिक विरासत है। अतीत में जब-जब देश और संस्कृति पर संकट आया, क्षत्राणियों ने अपनी वीरता से इतिहास लिखा है।
वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि जब तक समाज की आधी आबादी सशक्त और संस्कारित नहीं होगी, तब तक एक सशक्त राष्ट्र की कल्पना अधूरी है। यह मंच महिलाओं को सशक्त बनाने, उनके अधिकारों की रक्षा करने और युवा पीढ़ी में अपनी संस्कृति के प्रति गौरव जगाने का एक सशक्त माध्यम बन चुका है।
इस भव्य कार्यक्रम को सफल बनाने में रीना सिंह, सुनीता सिंह, किरण सिंह, ऊषा परिहार, सविता सिंह, कुमुद सिंह, रिंकी सिंह, रविता सिंह, प्रतीमा सिंह, सुजाता सिंह, संध्या सिंह, चंदन देवी, सरिता सिंह, विभा सिंह, आरोही सिंह एवं अनीता देवी के अलावा अतेन्द्र सिंह, चितरंजन सिंह, विनोद सिंह उज्जैन एवं विजय सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंच का कुशल संचालन सुनंदा सिंह ने किया, जबकि आए हुयी सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन सत्या सिंह द्वारा किया गया।


रिपोर्टर