डीएम ने मड़ियाहूं तहसील का किया औचक निरीक्षण, अभिलेखों, न्यायालयों व साफ-सफाई व्यवस्था का लिया जायजा
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Jun 02, 2026
- 18 views
मड़ियाहूं, जौनपुर। जिलाधिकारी ने मंगलवार को मड़ियाहूं तहसील का औचक निरीक्षण कर विभिन्न कार्यालयों, न्यायालयों एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आपूर्ति कार्यालय, नजारत, संग्रह अनुभाग, रिकॉर्ड रूम सहित विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कर अभिलेखों, रजिस्टरों एवं पत्रावलियों की जांच की।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार न्यायालयों में लंबित वादों से संबंधित अभिलेखों का अवलोकन करते हुए उनके निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अभिलेख एवं रजिस्टर अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखे जाएं तथा लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में आने वाले लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर बल दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण किया जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इसके बाद जिलाधिकारी ने अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं के साथ संवाद किया। उन्होंने न्यायालयों के सुचारु संचालन में अधिवक्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए प्रशासन एवं अधिवक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वादों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए सभी पक्षों को सहयोगात्मक भावना के साथ कार्य करना होगा। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता को त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी नवीन कुमार, तहसीलदार राकेश कुमार सहित तहसील प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर