मयंक ने जेईई एडवांस में लहराया परचम, देशभर में हासिल की 4088वीं रैंक बरसठी के बेलौनाकला गांव का बेटा बना क्षेत्र की प्रेरणा

बरसठी, जौनपुर। ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस 2026 में शानदार सफलता हासिल कर बेलौनाकला (बबुरी) गांव के मयंक सिंह ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। स्वर्गीय लालसाहब सिंह के पौत्र मयंक ने ऑल इंडिया कॉमन रैंक लिस्ट (सीआरएल) में 4088वीं रैंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

परिणाम घोषित होते ही परिवार और गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। मयंक की सफलता की खबर मिलते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजनों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों ने मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। मयंक के पिता चंद्रशेखर सिंह शिक्षक हैं, जबकि बड़े पिता आनंद सिंह प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग संचालित करते हैं। उनके चाचा सच्चिदानंद सिंह मुंबई में बिल्डर हैं तथा छोटे चाचा डॉ. बिपिन सिंह जबलपुर में कार्यरत हैं। परिवार के अनुसार मयंक शुरू से ही मेधावी और पढ़ाई के प्रति समर्पित रहे हैं। नियमित अध्ययन, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर उन्होंने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।

मयंक ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवारजनों, शिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत को दिया है। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य उच्च तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर देश की प्रतिष्ठित संस्थाओं में अध्ययन करना है तथा भविष्य में देश के विकास में योगदान देना है। मयंक की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिली है और गांव में गर्व का माहौल है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट