रात्रि चौपाल बनी जनसंवाद का प्रभावी मंच, कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Jun 11, 2026
- 44 views
ग्राम गुजरीबे एवं कचनारिया में आयोजित रात्रि चौपाल एवं रात्रि विश्राम कार्यक्रम में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
राजगढ़ । शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से विकासखंड ब्यावरा की ग्राम पंचायत भाटखेड़ी अंतर्गत ग्राम गुजरीबे एवं ग्राम कचनारिया में रात्रि चौपाल एवं रात्रि विश्राम कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी प्राप्त की। रात्रि चौपाल के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, जल जीवन मिशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, खाद्यान्न वितरण, मनरेगा तथा अन्य जनहितकारी योजनाओं के लाभ प्राप्त होने संबंधी जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, विद्युत, राजस्व एवं अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित विषयों को कलेक्टर डॉ. मिश्रा के समक्ष रखा। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए तथा कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले ने ग्रामीणों को विभिन्न आजीविका, स्व-सहायता समूह एवं पंचायत स्तर पर संचालित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया। रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने प्रशासन द्वारा गांव में पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और मौके पर समाधान के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


रिपोर्टर