मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के कलेक्टरों की समीक्षा बैठक ली
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Jun 13, 2026
- 3 views
यूसीसी के लिए जनसुझाव प्राप्त करने, जनकल्याण शिविरों, योग दिवस, नीट परीक्षा एवं ज्ञान भारतम मिशन की तैयारियों की समीक्षा
राजगढ़ । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टरों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।जिला मुख्यालय राजगढ़ से कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, अपर कलेक्टर श्री प्रताप सिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री के.एल. बंजारे तथा डिप्टी कलेक्टर डॉ. ज्योति राजोरे सहित संबंधित अधिकारी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में आमजन से सुझाव प्राप्त करने की प्रक्रिया को प्राथमिकता से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कलेक्टरों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक नागरिकों से सुझाव प्राप्त किए जाएं तथा व्यापक जनजागरूकता के माध्यम से लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगामी दिनों में आयोजित होने वाले जनकल्याण शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शिविरों से लाभान्वित होने वाले हितग्राहियों की संख्या बढ़ाई जाए।
उन्होंने कहा कि जिला, अनुविभाग एवं ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाए तथा अधिक से अधिक लोगों को इन शिविरों का लाभ दिलाया जाए। बैठक में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि जिले में व्यापक स्तर पर योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि योग भारतीय परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसकी गरिमा के अनुरूप भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किए जाएं। आगामी नीट परीक्षा की तैयारियों को लेकर भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर बिजली, यातायात एवं परिवहन संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने तथा केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में ज्ञान भारतम मिशन की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिक से अधिक पांडुलिपियों की प्रविष्टि कराने तथा आमजन को इस अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी 15 दिनों में विशेष अभियान चलाकर मिशन के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए समन्वित प्रयास सुनिश्चित करने पर जोर दिया।


रिपोर्टर