दो पंचायत में कृषि जन कल्याणकारी चौपाल का हुआ आयोजन
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 13, 2026
- 5 views
रामपुर (कैमूर)। कृषि विभाग के तत्वावधान में शनिवार को को रामपुर प्रखंड अंतर्गत कुढारी पंचायत के तेनुवा एवं जलालपुर पंचायत के पाली गांव में कृषि जन कल्याण चौपाल' सह 'खेत बचाव कार्यक्रम' का आयोजन किया गया। इस चौपाल में बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों ने भाग लिया, जिन्हें कृषि और उद्यान विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान कृषि अधिकारियों ने गिरते भूमि स्वास्थ्य पर चिंता जताते हुए खेत बचाव अभियान के तहत सभी कृषक बंधुओं से अपने खेतों में रासायनिक उर्वरकों (खाद) का अंधाधुंध उपयोग कम करने की अपील की। अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि बेहतर फसल उत्पादन और मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने के लिए किसान भाई अपनी मिट्टी की जांच अवश्य करवाएं और जांच रिपोर्ट के आधार पर ही संतुलित मात्रा में खाद डालें। चौपाल में उपस्थित प्रखंड उद्यान पदाधिकारी सूरज कुमार पांडेय ने उद्यान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं, जैसे- फल-सब्जी की खेती पर मिलने वाले अनुदान, ड्रिप सिंचाई और पॉलीहाउस आदि के बारे में किसानों को विस्तार से बताया। उन्होंने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ बागवानी अपनाने के लिए भी प्रेरित किया ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके। इस जागरूकता चौपाल को सफल बनाने में कृषि विभाग की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। मौके पर एटीएमः अमन कुमार एवं रोशन कुमार किसान सलाहकारः मोहम्मद रिजवान, किसान संतोष कुमार, अनीश कुमार, और अशोक कुमार अलावा दोनों गांवों के सैकड़ों प्रगतिशील किसान और ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने कृषि योजनाओं को समझा और विभाग की इस पहल की सराहना की।


रिपोर्टर