12 साल में वादे टूटे, लोकतंत्र कमजोर हुआ और जनता ठगी गई : राघवेन्द्र कुमार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 14, 2026
- 3 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर--- जन सुराज पार्टी के शिवहर जिला मुख्य प्रवक्ता राघवेन्द्र कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों का कार्यकाल देश के किसानों, युवाओं, मजदूरों, छात्रों और गरीबों के लिए निराशा, आर्थिक संकट और लोकतांत्रिक संस्थाओं के कमजोर होने का दौर साबित हुआ है ,हर वर्ष दो करोड़ रोजगार, किसानों की आय दोगुनी करने और महंगाई पर नियंत्रण जैसे बड़े-बड़े वादे आज भी अधूरे हैं। बढ़ती बेरोजगारी, लगातार पेपर लीक, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों तथा महंगाई ने आम जनता का जीवन कठिन बना दिया है।
राघवेन्द्र कुमार ने कहा कि वर्ष 2014 में केंद्र सरकार ने भूमि अधिग्रहण कानून में संशोधन कर किसानों की सहमति और सामाजिक प्रभाव आकलन जैसी महत्वपूर्ण सुरक्षा व्यवस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास किया था। देशभर के किसानों, सामाजिक संगठनों और विपक्षी दलों के व्यापक विरोध के बाद सरकार को अपना कदम पीछे खींचना पड़ा। यह किसानों के अधिकारों पर चोट करने वाला प्रयास था, जिसे जनता के दबाव में वापस लेना पड़ा।
उन्होंने कहा कि नोटबंदी के फैसले ने देश की अर्थव्यवस्था, छोटे व्यापारियों, किसानों और मजदूरों को भारी नुकसान पहुंचाया। करोड़ों लोग बैंकों और एटीएम की कतारों में खड़े रहे, लेकिन न काला धन वापस आया और न ही भ्रष्टाचार पर अपेक्षित रोक लग सकी।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में बिना तैयारी के लगाए गए लॉकडाउन से करोड़ों प्रवासी मजदूरों को सड़कों पर पैदल चलने के लिए मजबूर होना पड़ा। किसान आंदोलन के दौरान सैकड़ों किसानों की मौत हुई, जिसके बाद केंद्र सरकार को कृषि कानून वापस लेने पड़े। मणिपुर में लंबे समय तक चली हिंसा और महिलाओं के साथ हुई शर्मनाक घटनाओं ने देश की छवि को गंभीर आघात पहुंचाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने, विपक्षी आवाजों को दबाने और जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने की राजनीति ने देश के लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया है।
राघवेन्द्र कुमार ने कहा कि बिहार से बड़ी संख्या में सांसद चुनकर भेजे जाने के बावजूद रोजगार, शिक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हुआ। बिहार का युवा आज भी पलायन, बेरोजगारी और बेहतर अवसरों की कमी से जूझ रहा है।
उन्होंने कहा कि जन सुराज पार्टी जनता के अधिकारों, बेहतर शिक्षा, रोजगार, किसान हित, सामाजिक न्याय और मजबूत लोकतंत्र के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी तथा जनविरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी।


रिपोर्टर