आईपीएल क्रिकेटर साकिब हुसैन के तिलौथू आगमन से क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 22, 2026
- 13 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे
डेहरी रोहतास।बिहार के उभरते हुए क्रिकेटर साकिब हुसैन के तिलौथू प्रखंड के रामडीहरा गांव पहुंचने पर खेल प्रेमियों में उत्साह की लहर दौड़ गई। समाजसेवी सत्यानंद कुमार ने सभी से परिचय कराते हुए बताया कि साकिब घरेलू क्रिकेट में बिहार तथा आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। साकिब हुसैन अपने मित्र दरोगा संग्राम सिंह की बहन के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गोपालगंज से रामडीहरा पहुंचे।
साकिब के गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी, युवा एवं खेल समर्थक उनसे मिलने के लिए पहुंच गए। प्रशंसकों ने उनके साथ सेल्फी ली, ऑटोग्राफ प्राप्त किए तथा उनके उज्ज्वल क्रिकेट भविष्य की शुभकामनाएं दीं। क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
रोहतास जिले में भारतीय क्रिकेटर आकाश दीप के तिलक समारोह में शामिल होने के बाद साकिब हुसैन तिलौथू के रामडीहरा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने विवाह समारोह में भाग लिया। ग्रामीणों और युवाओं द्वारा किए गए भव्य स्वागत से वे काफी प्रभावित नजर आए।
साकिब हुसैन ने ग्रामीण परिवेश, लोगों के स्नेह और आत्मीयता की सराहना करते हुए कहा कि गांवों में मिलने वाला अपनापन और सम्मान हमेशा विशेष अनुभव देता है। इस दौरान उनके पिता एवं अन्य मित्र भी उनके साथ मौजूद रहे।
साकिब हुसैन के आगमन से पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। क्रिकेट प्रेमियों ने इसे अपने लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि बिहार के युवा खिलाड़ियों की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान से प्रदेश के युवाओं को नई प्रेरणा मिल रही है। समाजसेवी रौशन सिंह ने गांव के युवाओं से मिलवाया एवं उनके साथ ग्रुप फोटो भी शेयर किए।


रिपोर्टर